जालोर के प्रवासी व्यापारी की 5 महीने की प्रेग्नेंट पत्नी और बेटी की चलती ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। जानकारी मिली की प्रवासी व्यापारी आंध्र प्रदेश राज्य में मोबाइल एसेसरीज का व्यापार करता हैं। 22 नवंबर को राजस्थान में प्रवासी व्यापारी के साले की शादी है। शादी में शामिल होने के लिए प्रवासी व्यापारी परिवार के साथ राजस्थान आ रहे थे तभी यह हादसा हुआ।
कर्नाटक के रायचूर जिले से करीब 90 किलोमीटर दूर यादगिरी और नालवर स्टेशन के बीच हादसा हुआ जिसमें मां-बेटी के शव 13 नवंबर की शाम को ट्रेन की पटरी के पास झाड़ियों में मिले। पोस्टमॉर्टम के बाद शव एम्बुलेंस से जालोर के लिए भेजे गए हैं।
जालोर जिले के रामसीन थाना इलाके के बासड़ा-धनजी गांव निवासी मांगीलाल देवासी 35 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी 32 वर्षीय बेटी रवीना 5 व बेटे धर्मेंद्र 9 के साथ आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से राजस्थान शादी समारोह में भाग लेने के लिये आ रहे थे। शादी समारोह को लेकर परिवार में ख़ुशियां थीं वहीं एक उमंग के साथ परिवार राजस्थान आ रहा था।
9 नवंबर को रात 8:30 बजे अनंतपुर से अहमदाबाद तक चलने वाली ट्रेन से रवाना हुए थे।
रात करीब 10 बजे खाना खाकर पूरा परिवार अपनी सीटों पर सो गया। करीब 11:30 बजे ट्रेन कर्नाटक के रायचूर जिले से 90 किलोमीटर दूर यादगिरी और नालवर के बीच चल रही थी। इस दौरान रात 11:30 से 12 बजे के बीच बेटी रवीना को बाथरूम के लिए पुष्पा देवी साथ लेकर गईं। बाथरूम के बाहर नल पर हाथ धोते समय फर्श पर पानी के कारण रवीना का पैर फिसल गया और रवीना को बचाने के दौरान पुष्पा का भी पैर फिसल गया जिससे कोच का गेट खुला होने के कारण दोनों की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई।
उस दौरान रात करीब 12 बजे मांगीलाल देवासी ने देखा कि पास की सीट पर पत्नी और बेटी नहीं हैं जिस पर पूरे कोच में खोजबीन की, लेकिन नहीं मिलीं। इसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गई जिस पर रायचूर पुलिस को पहाड़ी इलाके में पटरी के पास झाड़ियों में दोनों के शव मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। हादसे से परिवार में ख़ुशी का माहौल मातम में बदल गया वहीं एक परिवार की सभी ख़ुशियों को भगवान में छिन लिया।
Share ON