विधायक के घर के पास से चोरी हुई बोलेरो, जोधपुर जाते समय टोल पर पकड़े गए चोर

बाड़मेर। बाड़मेर की विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी के घर के पास से चोरी हुई बोलेरो गाड़ी को लेकर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने यह बोलेरो गाड़ी जोधपुर में एक शादी समारोह में जाने के लिए चुराई थी। गाड़ी मालिक को टोल क्रॉस करते ही मिले मैसेज ने पुलिस को तुरंत एक्शन लेने का मौका मिला और चोरों को पुलिस टीम ने दबोच लिया जिससे चोरों के मंसूबे सफल नहीं हो पाये।


टोल मैसेज बना पुलिस के लिए बड़ा सुराग
कोतवाली बाड़मेर के CI बलभद्र ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को 17 नवंबर को बाड़मेर शहर के मोहल्ला पुराना जाटावास निवासी राणामल पुत्र भैराराम ने रिपोर्ट दी थी। राणामल ने बताया था कि उन्होंने अपनी बोलेरो डीआई गाड़ी हमेशा की तरह रात में घर के बाहर खड़ी की थी, जिसे रात में कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इस बीच, चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर जैसे ही बोलेरो को लेकर एक टोल प्लाजा से गुजरे, तो फास्टैग के जरिए इसका मैसेज तुरंत गाड़ी मालिक राणामल के मोबाइल पर पहुंच गया। मालिक ने तुरंत यह जानकारी पुलिस को दी। टोल क्रॉस होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरों का पीछा किया और उन्हें धर दबोचा।


तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को डिटेन किया है, जिनकी पहचान वचन पुत्र श्रवण कुमार निवासी भार्गव कॉलोनी बाड़मेर, सुनील पुत्र चुतराराम निवासी फगलू का तला धनाऊ, और भागीरथ पुत्र नाथाराम निवासी गंगाला पुलिस थाना चौहटन हाल जाट कॉलोनी बाड़मेर के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
CI बलभद्र ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने यह बोलेरो गाड़ी जोधपुर में एक शादी समारोह में जाने के लिए चुराई थी। पुलिस अब आरोपियों से चोरी की इस वारदात में उपयोग में ली गई मोटरसाइकिल और उनकी संलिप्तता वाली अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी गहनता से पूछताछ कर रही है।
इस सफल कार्रवाई से बाड़मेर पुलिस ने न सिर्फ चोरी हुई गाड़ी को बरामद किया है, बल्कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह पर भी शिकंजा कसा है।

Share ON
```

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *