नई दिल्ली/दुबई: संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित दुबई एयर शो 2025 के दौरान एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां प्रदर्शन उड़ान भर रहा भारतीय वायु सेना का लड़ाकू विमान तेजस क्रैश हो गया। यह हादसा एयर शो के अंतिम दिन शुक्रवार, 21 नवंबर 2025 को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:10 बजे अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुआ। इस दुर्घटना में विमान के पायलट की मौत हो गई, जिसकी पुष्टि भारतीय वायु सेना ने एक अधिकारिक बयान में की है।
दुर्घटना का विवरण
हादसा उस समय हुआ जब भारत का तेजस विमान अपनी एयरोबेटिक डिस्प्ले दे रहा था। हजारों दर्शक, जिनमें रक्षा विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल थे, विमान के रोमांचक करतब देख रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और तेजी से जमीन की ओर गिरा। जमीन से टकराते ही एक जोरदार धमाका हुआ और विमान आग के गोले में तब्दील हो गया, जिससे अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर काले धुएं का घना गुबार छा गया।
शुरुआत में पायलट की स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी कि क्या उन्होंने इजेक्ट किया था या नहीं। हालांकि, कुछ देर बाद भारतीय वायु सेना ने एक बयान जारी कर यह पुष्टि की कि विमान हादसे में पायलट को घातक चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
भारतीय वायु सेना का बयान
भारतीय वायु सेना ने इस दुखद क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वायु सेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “आज दुबई एयर शो में एक हवाई प्रदर्शन के दौरान IAF का एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में पायलट को घातक चोटें आईं। भारतीय वायु सेना इस जीवन के नुकसान पर गहरा खेद व्यक्त करती है और दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।”
IAF ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के गठन का आदेश दिया है। जांच टीम अब यह पता लगाएगी कि यह दुर्घटना तकनीकी खराबी, मानवीय त्रुटि या किसी अन्य कारण से हुई।