राजस्थान के बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने सऊदी अरब में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए 19 वर्षीय युवक का शव भारत लाने के लिए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। मृतक युवक की पहचान बालोतरा निवासी रमेश कुमार मेघवाल पुत्र खम्माराम मेघवाल के रूप में हुई है।
रमेश कुमार मेघवाल 11 नवंबर को बेहतर भविष्य और परिवार को आर्थिक तौर पर मजबूत करने के उद्देश्य से सऊदी अरब के लिए रवाना हुए थे। परिजनों से अंतिम बार उनकी बातचीत 13 नवंबर को हुई थी, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया था। परिवार लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था।
संदिग्ध मृत्यु और परिवार की असमर्थता
17 नवंबर को अचानक नियोक्ता की ओर से परिवार को रमेश की मृत्यु की सूचना मिली। इस अचानक हुई मौत के कारण स्पष्ट नहीं होने से परिवार और ग्रामीणों में संदेह उत्पन्न हो गया है। उनका कहना है कि रमेश पूरी तरह स्वस्थ थे, इसलिए उनकी आकस्मिक मौत की विश्वसनीय जानकारी सामने आना आवश्यक है।
सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने विदेश मंत्री को लिखे अपने विस्तृत पत्र में इस बात पर जोर दिया है कि रमेश का परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है। वे न तो सऊदी अरब जाकर किसी तरह की कानूनी या प्रशासनिक कार्रवाई करने में सक्षम हैं और न ही शव को भारत वापस लाने में लगने वाले लाखों रुपए का खर्च वहन कर सकते हैं।
Share ON