भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी नागरिक को BSF ने पकड़ा, गायों के बाड़े में छिपकर बैठा था

बाड़मेर, राजस्थान। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है। युवक रात के अंधेरे में कंटीले तारों की बाड़ को पार कर भारतीय सीमा में लगभग 200 मीटर अंदर तक प्रवेश कर गया था और ग्रामीणों के एक गायों के बाड़े में छिपकर बैठा था।


बाड़े में छिपा मिला घुसपैठिया
बाड़मेर के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि यह घटना बाड़मेर जिले में दीपला बीओपी ढाणी के पास सेड़वा पुलिस थाना क्षेत्र की है।
BSF के जवानों ने बुधवार सुबह युवक को उस समय धर दबोचा, जब वह जेठाराम और हरचंद राम निवासी जाटों का बैरा के गायों के बाड़े में छिपा हुआ था। बताया गया है कि ग्रामीणों की सूचना पर BSF के जवान तुरंत हरकत में आए और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ के बाद पुलिस को सौंपा
पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक की पहचान हिंदाल (24) पुत्र बरसा निवासी नयातला तहसील छाछरो जिला मीठी (पाकिस्तान) के रूप में हुई है।
BSF ने प्राथमिक पूछताछ के बाद, पाकिस्तानी नागरिक हिंदाल को आगे की कार्रवाई के लिए सेड़वा थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह किस उद्देश्य से भारतीय सीमा में घुसा था। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच कर रही हैं।

Share ON
```

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *