गुड़ामालानी (बाड़मेर): बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी कस्बे के अहिंसा सर्किल स्थित एक हार्डवेयर की दुकान और गोदाम में गुरुवार रात करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में दुकान की तीसरी मंजिल पर सो रहे एक सेल्समैन ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, हालांकि उसे गंभीर चोटें आई हैं।
गुड़ामालानी के अहिंसा सर्किल पर स्थित लक्ष्मी हार्डवेयर एवं इलेक्ट्रिकल स्टोर और इसके पीछे बने गोदाम में आग लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग गोदाम के पास टी प्वाइंट के पीछे बने छप्पर से शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में दुकान और गोदाम तक फैल गई। आग की तेज लपटें और धुआं देखकर आसपास अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के वक्त दुकान की तीसरी मंजिल पर सेल्समैन अशोक सो रहा था। नीचे शोर-शराबे की आवाज सुनकर वह उठा और देखा तो आग फैल चुकी थी। आग की लपटों के कारण सीढ़ियों से नीचे उतरना संभव नहीं हो पाया। अपनी जान बचाने के लिए उसने साहस दिखाते हुए तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी।
गंभीर रूप से घायल अशोक के पैर व हाथ में चोटें लगी हैं। उसे तुरंत गुड़ामालानी हास्पिटल ले जाया गया, जहाँ उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुँचे। आग बुझाने के लिए आरजीटी से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।