बालोतरा, राजस्थान: खुद को सोशल मीडिया पर दबंग और ‘शेर’ दिखाने वाले एक कुख्यात तस्कर की हकीकत उस वक्त सामने आ गई, जब पुलिस ने उसे घेर लिया। पुलिस से सामना होते ही तस्कर प्रेम चंद के हाथ-पैर फूल गए, आवाज दब गई, और घबराहट में उसके हाथ में मौजूद लोडेड पिस्टल नीचे गिर गई। चार लोगों की जान लेने के आरोपी और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल इस तस्कर ने पुलिस के सामने गिड़गिड़ाते हुए माफी की भीख मांगी। यह घटनाक्रम राजस्थान के बालोतरा जिले में सामने आया, जहां पुलिस ने करीब 14 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद कुख्यात तस्कर प्रेम चंद को दबोच लिया।
14 किलोमीटर पुलिस ने किया पीछा
एसपी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालोतरा से एक स्कॉर्पियो गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ भरकर नवातला से परेऊ की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डीसीआरबी टीम ने तुरंत उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
डीएसटी बालोतरा और स्थानीय थाना पुलिस ने तुरंत मिलकर इलाके में नाकाबंदी की, लेकिन संदिग्ध ड्राइवर ने तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो को दौड़ाते हुए नाकाबंदी तोड़ दी और भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने 14 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आरोपी को दबोचा।
एसपी ने बताया कि पीछा करने के दौरान तस्कर की गाड़ी के एक टायर की हवा निकल गई। इसके बावजूद ड्राइवर जान की परवाह किए बिना तेजी से गाड़ी दौड़ाता रहा। जब तस्कर को लगा कि अब पुलिस उसे घेर लेगी, तो वह मादक पदार्थ से भरी स्कॉर्पियो से उतरकर जंगल की ओर भागने लगा।
आखिरकार, पुलिस की घेराबंदी और मुस्तैदी के सामने तस्कर प्रेम चंद की एक न चली और लगभग 14 किलोमीटर की मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया।
भारी मात्रा में डोडा-पोस्त, पिस्टल और फर्जी नंबर प्लेटें बरामद
पुलिस ने जब आरोपी तस्कर को हिरासत में लिया, तो उसकी हालत देखने लायक थी। सोशल मीडिया पर धमकियां देने वाले इस अपराधी के चेहरे पर खौफ साफ झलक रहा था।
पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली। गाड़ी में 25 कट्टों में भरा हुआ कुल 508.110 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
इसके अलावा, पुलिस को गाड़ी से 10 फर्जी नंबर प्लेटें भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल तस्कर पुलिस और अन्य एजेंसियों को चकमा देने के लिए करता था। आरोपी तस्कर प्रेम चंद के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
प्रेम चंद पर पहले भी एक फॉर्च्युनर कार से 2 बच्चों समेत 4 लोगों की जान लेने और कई आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।
इस पूरे मामले को लेकर गिड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अवैध मादक पदार्थों के स्रोत के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।