जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना रतनपुरा के पास उस वक्त हुई जब एक कार और ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयानक था कि शव कार के सामने वाले हिस्से में चिपक गए थे। कार की आगे की दोनों सीटें पूरी तरह से टूटकर गिर गईं और कार के अगले हिस्से के अंदर चारों तरफ खून बिखर गया।
बालाजी से खाटूश्यामजी जा रहे थे मृतक
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक सभी लोग अलग-अलग जगहों से आए थे और एक ही कार में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर थे। वे मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने के बाद खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे। अभी तक मृतकों की पहचान की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, शवों को मोर्चरी में भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही रायसर और मनोहरपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद, पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को सामान्य करवाया जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।