गंगापुर सिटी: सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुर सिटी में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बदमाशों ने दिनदहाड़े एक हिस्ट्रीशीटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए हिस्ट्रीशीटर पास की एक दुकान में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने दुकान में भी अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस गोलीबारी में हिस्ट्रीशीटर के अलावा, दुकान में मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पुरानी सब्जी मंडी के पास माल गोदाम रोड पर हुई। सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय हिस्ट्रीशीटर काडू पहलवान जब बाजार में था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
दुकान में छिपने पर भी नहीं रुके हमलावर
हमले से बचने के लिए काडू पहलवान पास ही स्थित एक दुकान के अंदर घुस गया। हालांकि, बदमाशों ने दुकान का पीछा किया और अंदर घुसकर भी फायरिंग जारी रखी। इस अंधाधुंध गोलीबारी में काडू पहलवान को गोली लगी, वहीं वहां बैठे एक अन्य व्यक्ति जीतेश शर्मा (Jitesh Sharma) भी गोलीबारी की चपेट में आ गए। जितेंद्र शर्मा अपनी भांजी की शादी के लिए सामान खरीदने आए थे।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
यह पूरी वारदात मौके पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे घटना की भयावहता सामने आई है। सूचना मिलते ही गंगापुर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
सवाईमाधोपुर: दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग, हिस्ट्रीशीटर समेत दो को लगी गोली; CCTV में कैद हुई वारदात