आहोर (जालोर)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जालोर जिले के आहोर दौरे पर रहे। दोपहर 2 बजे आहोर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान जहाँ एक ओर उन्होंने सड़क, कॉलेज और गर्ल्स हॉस्टल जैसी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक मंच से विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
“मन का इलाज नहीं, पर आंखों का इलाज संभव है”
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध पर पलटवार किया। उन्होंने तीखे लहजे में कहा, “विरोध करना आपका काम है, आप करिए।

लेकिन मैं हर रोज पूछता हूं कि आंकड़ों के साथ बताइए आपने कितना काम किया और हमने कितना किया। अगर आपको विकास दिखाई नहीं दे रहा है, तो राजस्थान के स्कूलों में बच्चों के लिए आंखों के कैंप लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के लोग वहां जाएं, जांच करवाएं और जरूरत हो तो सरकार उन्हें चश्मा भी उपलब्ध कराएगी।”
सीएम ने आगे कहा कि चश्मा पहनने से उन्हें दो साल में हुआ विकास साफ दिखने लगेगा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कांग्रेस नेताओं के ‘मन’ को तो ठीक नहीं कर सकते, लेकिन उनकी आंखों की कमी का इलाज सरकार जरूर करवा सकती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन और गिरफ्तारी
सीएम के दौरे के दौरान आहोर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने सक्रियता दिखाई और कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमिला मेघवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोष कंवर, पूर्व प्रत्याशी सरोज चौधरी और पीसीसी सदस्य सवाराम पटेल सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस इन सभी को सभा स्थल से 5 किलोमीटर दूर एक निजी होटल में ले गई।