जालोर । कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ एवं जालोर जिलाध्यक्ष सुष्मिता गर्ग के नेतृत्व में रविवार को सांचौर में एनएसयूआई व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विशाल पैदल मार्च निकाला। यह मार्च कांग्रेस कार्यालय सांचौर से शुरू होकर ज्योतिबा फुले सर्किल चार रास्ता तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्नाव रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। इसके अलावा अरावली बचाओ जन आंदोलन, बेरोजगारी, महंगाई तथा आम जनता से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया। हाथों में तख्तियां व पार्टी के झंडे लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जनहित की नीतियों को मजबूत करने की मांग की।
इस अवसर पर एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस की स्थापना से लेकर आज तक पार्टी ने हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, युवा और वंचित वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर कर रही है, जिसका सीधा नुकसान गरीब और ग्रामीण जनता को हो रहा है। मनरेगा जैसी योजना को कमजोर करना मजदूरों के हक पर सीधा हमला है।
जालोर जिला अध्यक्ष सुष्मिता गर्ग ने कहा कि भाजपा सरकार में एक रेप पीड़िता को न्याय नहीं मिल रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके अलावा उन्होंने अरावली पर्वतमाला का संरक्षण पूरे राजस्थान के लिए जीवनरेखा है। इसके संरक्षण के लिए कांग्रेस और एनएसयूआई लगातार संघर्ष कर रही है और आगे भी यह आंदोलन जारी रहेगा।
Share ON