जालोर: ग्रेनाइट एसोसिएशन चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज, अध्यक्ष पद पर दो पैनलों में सीधा मुकाबला

जालोर जिले के सबसे बड़े ग्रेनाइट एसोसिएशन के चुनाव रविवार को आयोजित होंगे। चुनाव कमेटी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अध्यक्ष पद के लिए जालोर के लाल सिंह राठौड़ और सीकर के रामकिशन सिंह रणवां के बीच सीधा मुकाबला है, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है।

शनिवार को दोनों पैनलों की ओर से ग्रेनाइट क्षेत्र में वाहन रैली निकाली गई। इस दौरान प्रत्याशियों ने ग्रेनाइट व्यापारियों और उद्योग से जुड़े लोगों से समर्थन मांगा। रैली के दौरान व्यापारियों ने उम्मीदवारों का माला पहनाकर स्वागत किया और समर्थन का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि जालोर ग्रेनाइट एसोसिएशन के चुनाव करीब चार साल बाद हो रहे हैं। इससे पहले 6 दिसंबर 2025 को सर्वसम्मति से राजेंद्र मेहता को अध्यक्ष घोषित किया गया था। हालांकि, कमेटी गठन को लेकर हुए विवाद के चलते उन्हें मात्र आठ दिन बाद ही पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

इसके बाद एसोसिएशन की बैठक में 18 जनवरी 2026 को दोबारा चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में चुनाव मैदान में दो पैनल आमने-सामने हैं। एक ओर जालोर के धानपुर निवासी लाल सिंह राठौड़ हैं, जबकि दूसरी ओर सीकर निवासी रामकिशन सिंह रणवां मैदान में हैं। दोनों ही प्रत्याशी उद्योग के अनुभवी माने जाते हैं और उनके समर्थकों की संख्या भी मजबूत बताई जा रही है।

चुनाव को लेकर ग्रेनाइट उद्योग से जुड़े व्यापारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मतदान और परिणाम को लेकर सभी की निगाहें रविवार पर टिकी हुई हैं।

Share ON
```

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *