बाड़मेर जिले के सदर थाना क्षेत्र के मिठड़ा (आइदानपुरा) गांव में दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 1-1 साल की दो चचेरी बहनों की टांके में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिठड़ा आइदानपुरा गांव निवासी गायत्री (1) पुत्री मालाराम और उसकी चचेरी बहन खुशबू (1) पुत्री गणेशराम घर के बाहर खेल रही थीं। उसी दौरान परिवार के सदस्य पास ही अपने काम में लगे हुए थे। खेलते-खेलते अचानक दोनों मासूम बच्चियां पास बने खुले टांके में गिर गईं।
कुछ देर बाद बच्चियों की चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत दोनों को टांके से बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजन निजी वाहन से दोनों को बाड़मेर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी लेकर मामला दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। दोनों बच्चियां खेलते समय टांके में गिर गई थीं।
घटना के बाद मृतक बच्चियों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातमी माहौल है और हर आंख नम है।
Share ON