सांचौर: हनीट्रैप में फंसाकर बिजनेसमैन का अपहरण, ₹1.5 करोड़ की फिरौती मांगी; 6 घंटे में पुलिस ने छुड़ाया

जालोर। राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र में हनीट्रेप का सनसनी खेज़ मामला सामने आया है, बदमाशों ने एक टाइल्स दुकान व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर उसका अपहरण कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर व्यापारी को सकुशल छुड़ा लिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सोशल मीडिया पर दोस्ती और होटल में बुलावा
पीड़ित व्यापारी दिलीप पुरोहित, निवासी तातड़ा की सांचौर में नेशनल हाईवे 68 पर टाइल्स की दुकान है। मिली जानकारी के अनुसार, 23 दिसंबर को दिलीप की बातचीत सोशल मीडिया के जरिए एक लड़की से शुरू हुई थी, जो सांचौर के ही एक निजी अस्पताल में काम करती है। तीन दिनों की बातचीत के बाद, लड़की ने 26 दिसंबर को दिलीप को सांचौर के ‘पीर की जाल’ स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया।
₹1.5 करोड़ की फिरौती और फिल्मी ड्रामा
जैसे ही दिलीप होटल पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया। आरोपी उन्हें झाब थाना क्षेत्र की तरफ ले गए। शुरुआती पूछताछ में बदमाशों ने दिलीप से 1.5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। जब व्यापारी ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो सौदा कम होते-होते 2.5 लाख रुपए पर आकर टिक गया।
परिजनों की सूझबूझ ने बचाई जान
बदमाशों ने फिरौती के लिए दिलीप के परिजनों को फोन किया। परिजनों ने घबराने के बजाय चालाकी से काम लिया। उन्होंने एक तरफ आरोपी को फोन पर बातचीत में उलझाए रखा और दूसरी तरफ तुरंत सांचौर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दे दी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई। पुलिस के बढ़ते दबाव को देख आरोपी घबरा गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यापारी को तातड़ा की सरहद से दस्तयाब कर लिया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
एक महिला समेत 7 के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित दिलीप पुरोहित ने इस मामले में एक महिला सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब इस हनीट्रैप गैंग के अन्य सदस्यों और लड़की की भूमिका की सघन जांच कर रही है।

Share ON
```

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *