अलवर (राजस्थान): डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन मैसूर में कार्यरत एक युवा जॉइंट डायरेक्टर की शादी के महज दो दिन बाद मौत हो गई। 25 वर्षीय अधिकारी, आदित्य जाटव, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे अलवर के शिवाजी पार्क थाना इलाके स्थित अपने घर के बाथरूम में अचेत पाए गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हाथों की मेहंदी फीकी भी नहीं पड़ी, उजड़ गया सुहाग
यह हृदय विदारक घटना आदित्य के परिवार और पूरे इलाके के लिए सदमे से कम नहीं है। आदित्य जाटव (25) पुत्र नंद किशोर DRDO, मैसूर में जॉइंट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी दो दिन पहले, यानी 25 नवंबर को ही हुई थी। जिस घर में अभी तक शादी के गीत और खुशियों की गूंज थी, वहां अब चीत्कार मच गई है।
पति की आकस्मिक मौत से दुल्हन बेसुध है। हाथों में लगी मेहंदी का रंग अभी ठीक से फीका भी नहीं पड़ा था कि उसका सुहाग उजड़ गया। वह बार-बार रोते हुए अपने पति का नाम ले रही है, उसे विश्वास नहीं हो रहा कि उसका हमसफर अब इस दुनिया में नहीं रहा।
साइलेंट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शिवाजी पार्क थाना के ASI समयदीन ने बताया कि आदित्य परिवार को सुबह बाथरूम में अचेत मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने किसी भी तरह के शक या संदेह को जाहिर नहीं किया है। परिवार ने शुरुआती तौर पर ‘साइलेंट अटैक’ आने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।