जयपुर। जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र से तीन बार सांसद रहे पूर्व सांसद देवजी पटेल जयपुर के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात की और क्षेत्र के विकास तथा संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात और आभार
पूर्व सांसद देवजी पटेल ने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात की। इस दौरान, उन्होंने जालोर और सिरोही जिले में नई पंचायत समिति बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मंत्री दिलावर का आभार जताया। पटेल ने मंत्री को मिठाई खिलाकर क्षेत्र की जनता की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शिक्षा और विकास के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी चर्चा की।

मंत्री ओटाराम देवासी से शिष्टाचार भेंट
पटेल ने मंत्री ओटाराम देवासी से भी शिष्टाचार भेंट की जिसमें पूर्व सांसद देवजी पटेल ने नई पंचायत समितियों के गठन में सहयोग करने पर आभार जताया। क्षेत्र से जुड़े विकास करें मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ से भी चर्चा
इसके अतिरिक्त, देवजी पटेल ने भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ से भी मुलाकात की। दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच राज्य की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनौतियों पर गंभीर चर्चा हुई। उन्होंने जालोर-सिरोही क्षेत्र के विभिन्न विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

भाजपा प्रदेश मंत्री को दी बधाई
संगठनात्मक मोर्चे पर, पूर्व सांसद देवजी पटेल ने भाजपा नेता नारायण पुरोहित को भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान का प्रदेश मंत्री नियुक्त किए जाने पर उनसे मिलकर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने पुरोहित को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके संगठनात्मक अनुभव से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
पूर्व सांसद देवजी पटेल का यह जयपुर दौरा जालोर-सिरोही क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और संगठन में समन्वय स्थापित करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।