बाड़मेर। बाड़मेर जिले के चौहटन थाना इलाके के अमरावास कोनरा गांव में बुधवार सुबह लव अफेयर के चलते एक शादीशुदा युवक और विवाहिता ने टांके में कूदकर सुसाइड करने का प्रयास किया। इस घटना में विवाहिता की मौत हो गई, जबकि युवक को घायल अवस्था में बाड़मेर रेफर किया गया है।
दो दिन से लापता थे दोनों
चौहटन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमरावास कोनरा निवासी डूंगराराम और आटिया निवासी लक्ष्मी पिछले दो दिनों से अपने घरों से लापता थे। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है।
टांके में कूदकर किया आत्महत्या का प्रयास
बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे, दोनों कोनरा अमरावास निवासी खेराज के टांके के पास बैठे थे। एक दिव्यांग व्यक्ति ने उन्हें संदिग्ध हालात में देखकर आस-पास के ग्रामीणों को सूचित करने का प्रयास किया। इसी बीच, कुछ देर बाद दोनों ने टांके में छलांग लगा दी।
ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आनन-फानन में दोनों को टांके से बाहर निकाला और चौहटन हॉस्पिटल लेकर आए। अस्पताल में डॉक्टरों ने विवाहिता लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल युवक डूंगराराम को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बाड़मेर रेफर कर दिया गया है।