जालोर । सांचौर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-68 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धमाणा गोलिया के पास एक ट्रक और बोलेरो कैंपर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई, जिसके कारण एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बोलेरो कैंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दुर्घटना में दीनगढ़ धनाऊ निवासी 35 वर्षीय जसाराम पुत्र धमु राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
घायलों में 22 वर्षीय कंवरा राम पुत्र वालाराम और 45 वर्षीय वागा राम पुत्र जेठाराम शामिल हैं। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सांचौर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिस ट्रक से टक्कर हुई, उसमें भेड़ बकरियां भरी हुई थीं और वह बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।