जालोर : सांचौर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने डेडवा गांव में दबिश देकर72.184 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने डोडा पोस्त रखने के आरोप में डेडवा निवासी 49 वर्षीय बाली देवी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दामाद डोडा पोस्त का मुख्य सप्लायर राकेश कुमार मौके से फरार होने में सफल रहा।
मुखबिरों की सूचना पर दबिश
सांचौर पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर, 1 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने डेडवा स्थित बाली देवी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान, पुलिस को डोडा पोस्त मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।
फरार तस्कर चित्तौड़गढ़ मामले में भी वांछित
पुलिस द्वारा गहन पूछताछ करने पर, गिरफ्तार आरोपी महिला बाली देवी ने बताया कि जब्त किया गया यह सारा डोडा पोस्त उसका दामाद राकेश कुमार पुत्र हरीराम निवासी पीपलिया नाड़ी करड़ा लेकर आया था।
फरार आरोपी: आरोपी महिला का दामाद राकेश कुमार इस मामले का मुख्य तस्कर है और फिलहाल फरार चल रहा है।
अन्य मामला: पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी राकेश कुमार पर पूर्व में भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप है और वह थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ के एक मामले में भी वांछित है।
पुलिस ने इस संबंध में आरोपी बाली देवी और फरार तस्कर राकेश कुमार के खिलाफ प्रकरण संख्या 506/2025 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपी राकेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।